झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने अपने स्पेन और स्वीडन दौरे के दौरान समाजसेवा के क्षेत्र में काम कर रहे विदेशी संगठनों से मुलाकात की। इस क्रम में उन्होंने स्पेन स्थित फंडसिओन एस्पेंरांची वाई एलेग्रिया की अध्यक्ष मारिया मोरेनो और उपाध्यक्ष रामिरो माटो के साथ एक अहम बैठक की। इस चर्चा में फाउंडेशन कोलोरेस डी कोलकाता की निदेशक मारिया डे मुन्स यनजेंगा भी शामिल रहीं।
कल्पना सोरेन के साथ मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित थे। यह बैठक झारखंड के विकास से जुड़े मुद्दों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित रही। इन संगठनों ने झारखंड सरकार के साथ मिलकर इन क्षेत्रों में कार्य करने की इच्छा जताई।
गौरतलब है कि कल्पना सोरेन झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष भी हैं और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान को लेकर लगातार सक्रिय रहती हैं। यह दौरा राज्य में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।