हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता अनिल कपूर, निर्माता बोनी कपूर और अभिनेता संजय कपूर की मां निर्मल कपूर अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उन्होंने 2 मई को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से बीमार चल रही थीं और उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। 90 वर्ष की उम्र में उन्होंने शाम करीब 5:45 बजे अस्पताल में दम तोड़ा। उनके निधन से कपूर परिवार गहरे सदमे में है और पूरे फिल्म उद्योग में शोक की लहर दौड़ गई है।
निर्मल कपूर के निधन की खबर सामने आने के बाद पूरे बॉलीवुड में मातम छा गया। कपूर परिवार के दुख में शामिल होने के लिए उनके घर पर सितारों का तांता लग गया। गुरुवार रात कई जाने-माने चेहरे अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। अभिनेत्री अनन्या पांडे, शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान और अभिनेता वेदांग रैना भी श्रद्धांजलि देने वालों में शामिल रहे। सभी सितारे गहरे दुख में नजर आए और कपूर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
निर्मल कपूर एक सशक्त महिला थीं, जिन्होंने अपने तीनों बेटों को सिनेमा जगत में स्थापित होते हुए देखा। उनका व्यक्तित्व बेहद शांत, स्नेही और अनुशासित था, जिसे फिल्म जगत के लोग भी खूब सम्मान देते थे। उनके जाने से कपूर परिवार ही नहीं, पूरा बॉलीवुड शोक में डूबा हुआ है।
बॉलीवुड के तमाम कलाकारों ने सोशल मीडिया पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए निर्मल कपूर के आत्मा की शांति की कामना की है। कपूर परिवार के इस कठिन समय में सभी प्रशंसक और साथी कलाकार उनके साथ खड़े नजर आ रहे हैं।